अस्मिता, आत्मसम्मान और पहचान: सिडनी के भारतीय दूतावास में पहली बार मनाया गया बिहार दिवस

Amanat Ansari 24 Mar 2026 11:29: PM 1 Mins
अस्मिता, आत्मसम्मान और पहचान: सिडनी के भारतीय दूतावास में पहली बार मनाया गया बिहार दिवस

Bihar Day Celebrated Indian Consulate in Sydney: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित भारतीय दूतावास (Consulate General of India) में इतिहास रच दिया गया. दूतावास के इतिहास में पहली बार बिहार दिवस (Bihar Diwas) का आयोजन दूतावास परिसर के अंदर ही किया गया. इस मौके पर बिहार और झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर को पूरी शानो-शौकत से मनाया गया.

कार्यक्रम में कॉन्सुल जनरल ऑफ इंडिया, सिडनी डॉ. एस. जनकीरामन (CGI Dr. S. Janakiraman) और बिहार झारखंड कम्युनिटी ऑस्ट्रेलिया (BJCA) के सदस्यों ने मिलकर आयोजन को यादगार बनाया. उपस्थित बिहारी समुदाय ने इस पहल के लिए CGI साहब और BJCA का आभार व्यक्त किया.

इस बिहार दिवस पर एक महत्वपूर्ण नई शुरुआत की गई. इंटरनेशनल बिहार और पूर्वांचल गौरव सम्मान की घोषणा की गई, जिसके तहत हर साल खेल, साहित्य और कला क्षेत्र से जुड़े कुल 5 प्रतिभावान व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा. प्रत्येक सम्मानित व्यक्ति को ₹2,51,000 की नकद राशि के साथ एक अंतरराष्ट्रीय मंच भी प्रदान किया जाएगा, ताकि वे अपनी प्रतिभा को विश्व स्तर पर दिखा सकें.

कार्यक्रम के दौरान पहला सम्मान बिहार के प्रख्यात कवि श्री संजीव मुकेश को प्रदान किया गया. सम्मान माननीय CGI डॉ. एस. जनकीरामन और BJCA कमेटी की ओर से दिया गया. इस अवसर पर बिहार गौरव गीत भी गूंजा, जिसने पूरे माहौल को भावुक और गौरवपूर्ण बना दिया. यह पहल उन छिपी हुई प्रतिभाओं को विश्व पटल पर लाने के उद्देश्य से शुरू की गई है, जिन्हें अब तक उचित अवसर नहीं मिल पाए. पूरी पहल का खर्च NIAD Foundation उठा रही है, जबकि योग्य प्रतिभाओं का चयन PURBI International की कोर कमेटी करेगी.

इस आयोजन का मुख्य संदेश अस्मिता, आत्मसम्मान और पहचान रहा. आयोजकों ने कहा कि बिहार और पूर्वांचल की प्रतिभाओं को अब सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी सम्मान और मंच मिलना चाहिए. यह कार्यक्रम बिहारी और झारखंडी समुदाय के लिए गर्व की बात है और ऑस्ट्रेलिया में रह रहे भारतीय मूल के लोगों में सांस्कृतिक जागरूकता और एकता को और मजबूत करने वाली दिशा में एक सकारात्मक कदम साबित होगा.

Sanjeev Mukesh Bihar Gaurav Samman International Bihar Day Sydney Indian Consulate

Recent News