पीएम नरेंद्र मोदी से मिले आरपीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले, क्या हुई बात?

Global Bharat 24 Mar 2026 10:40: PM 1 Mins
पीएम नरेंद्र मोदी से मिले आरपीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले, क्या हुई बात?

नई दिल्ली: रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की. इस अवसर पर अठावले ने तीसरी बार राज्यसभा सदस्य के रूप में अवसर प्रदान करने हेतु प्रधानमंत्री के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया.

उन्होंने कहा कि यह उनके प्रति पीएम मोदी के विश्वास और मार्गदर्शन का प्रतीक है, जिसे वे पूर्ण निष्ठा के साथ निभाते रहेंगे. आरपीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर देश में सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे. भेंट के दौरान उन्होंने अनुसूचित जाति (SC) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति में वृद्धि का विषय भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखा, जिससे इन वर्गों के युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें.

आरपीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष अठावले ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय एक सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पीएम मोदी जी नेतृत्व में इन मूल्यों को और सशक्त किया जा रहा है. उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि जनगणना के दौरान बौद्ध धर्म अपनाने वाले व्यक्तियों के लिए उचित वर्गीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें आरक्षण के लाभ से वंचित न होना पड़े.

अंत में, रामदास अठावले ने कहा कि वे आगामी समय में देशभर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की विचारधारा, सामाजिक समरसता एवं संविधान के मूल्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे.

RPI National President Ramdas Athawale PM Modi Narendra Modi

Description of the author

Recent News