Bihar Development Summit 2026: नई दिल्ली में बिहार विकास शिखर सम्मेलन 2026 का आयोजन कल, 22 फरवरी को तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में होने जा रहा है. यह कार्यक्रम लेट्स इंस्पायर बिहार पहल के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य बिहार में मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करना, निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करना और 2047 तक विकसित भारत के भीतर विकसित बिहार का सपना साकार करना है.
लेट्स इंस्पायर बिहार के संरक्षक और बिहार सरकार के आईजी विकास वैभव, आईपीएस (2003 बैच) द्वारा शुरू की गई यह पहल अब देश-विदेश में 3.5 लाख से अधिक लोगों को जोड़ चुकी है, जिसमें 25,000+ सफल उद्यमी और वरिष्ठ कॉर्पोरेट पेशेवर शामिल हैं. अभियान ने अब तक 2,400+ कार्यक्रम आयोजित किए हैं और वर्तमान में 600+ बिहार-आधारित स्टार्टअप्स इससे जुड़े हुए हैं. 2028 तक हर जिले में कम से कम 5 स्टार्टअप्स स्थापित करने का लक्ष्य है, जो प्रत्येक में 100+ लोगों को रोजगार दे सकें.
शिखर सम्मेलन का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा, जबकि उद्घाटन सत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा.
केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह इस कार्यक्रम का उद्धाटन करेंगे. मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल शामिल रहेंगे. वहीं विशिष्ट अतिथियों के तौर पर सांसद मनोज तिवारी, राजीव प्रताप रूड़ी, राजेश वर्मा व सुधाकर सिंह शिरकत करेंगे. कार्यक्रम में बैकुंठपुर गोपालगंज विधायक मिथिलेश तिवारी , सचिदानंद राय (एमएलसी, सारण), डॉ. संजय मयूख (एमएलसी), राजनिश कुमार, रत्नेश कुशवाहा, राजीव रंजन सिंह, रोहित पांडे, ऋतुराज, अभय वर्मा, शालिनी मिश्रा भी शामिल होंगे.
इनके अलावा पूर्व सांसद अरुण कुमार, मीना सिंह (आरा), विशाल सिंह (अध्यक्ष, बिस्कोमौन), राजकुमार सिंह (पूर्व विधायक), आकाश दीप (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर), डॉ. नीतू कुमारी नूतन, शंभू शिखर (कवि), मौलाना कल्बे रुशैद रिजवी, सैयद शमाइल अहमद सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे.
कार्यक्रम में एआई, स्टार्टअप्स और निवेश पर महत्वपूर्ण पैनल चर्चाएं होंगी. युवा उद्यमी, स्टार्टअप फाउंडर्स, आईटी प्रोफेशनल्स, नेता और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेंगे. उद्यमिता और सामाजिक पहलों में योगदान देने वाली कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहेंगी. यह शिखर सम्मेलन शिक्षा, समतावाद और उद्यमिता (3Es) के सिद्धांतों पर आधारित है, जो जाति, धर्म, लिंग या विचारधारा के भेदभाव से ऊपर उठकर बिहार के विकास के लिए एकजुट हो रहे लोगों का सामूहिक प्रयास है.
आयोजकों ने मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम की व्यापक कवरेज की अपील की है, ताकि यह पहल 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को और मजबूत कर सके. यदि कोई स्वयं उपस्थित नहीं हो पाता, तो प्रतिनिधि भेजने का अनुरोध किया गया है. यह आयोजन बिहार के युवाओं, उद्यमियों और प्रवासियों के लिए एक बड़ा मंच साबित होने वाला है, जहां विचार-विमर्श से ठोस कदम उठाए जा सकें.