बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. डिबाई विधानसभा सीट से भाजपा विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी की फॉर्च्यूनर कार बारिश में जलभराव के कारण फिसलकर पोल से टकरा गई. हादसे में विधायक समेत तीन लोग घायल हो गए हैं.
घटना थाना बीबीनगर क्षेत्र के पोटा कबूलपुर गांव के पास हुई. विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी (63 वर्ष, निवासी बदरपुर कोतवाली डिबाई) लखनऊ से बुलंदशहर लौट रहे थे. दोपहर में एक्सप्रेसवे पर बारिश के कारण सड़क पर पानी भर गया था. इससे कार फिसल गई और पोल से जोरदार टकराई. कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और टायर भी फट गया.
घायलों की हालत
हादसे में विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी को गंभीर चोटें आईं. उनके गनर अमित और ड्राइवर नत्थू सिंह भी घायल हुए, लेकिन उन्हें मामूली चोटें आई हैं. गनर अमित ने किसी निजी गाड़ी से विधायक को हापुड़ के एक निजी अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें दिल्ली एम्स रेफर कर दिया.
विधायक के छोटे भाई केसरी सिंह ने बताया कि वे अन्य परिजनों के साथ एम्स के लिए रवाना हो गए हैं. बुलंदशहर भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने भी हादसे की पुष्टि की है और बताया कि विधायक का इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा है. सूचना मिलते ही भाजपा पदाधिकारियों और पुलिस प्रशासन में हलचल मच गई. हादसे की जांच जारी है.