कोलकाता में जश्न का माहौल, ममता बनर्जी के घर के बाहर BJP कार्यकर्ताओं ने लगाए नारे

Amanat Ansari 04 May 2026 05:56: PM 1 Mins
कोलकाता में जश्न का माहौल, ममता बनर्जी के घर के बाहर BJP कार्यकर्ताओं ने लगाए नारे

Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज बड़ा उलटफेर हो गया है.  मतगणना के शुरुआती आंकड़ों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) 190 से अधिक सीटों पर आगे दिख रही है, जो राज्य में सत्ता परिवर्तन की ओर इशारा कर रहा है. इसी दौरान कोलकाता में ममता बनर्जी के आवास के बाहर BJP समर्थकों और बाइकर्स की भीड़ जुट गई. उन्होंने भगवा गमछा पहने हुए जोर-शोर से "जय श्री राम" के नारे लगाए.

यह दृश्य उस वक्त और गर्म हो गया जब चुनावी रुझान BJP के पक्ष में तेजी से बढ़ते दिखे. वहीं, तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि मतगणना केंद्रों पर डटे रहें और हर गतिविधि पर नजर रखें.

एक संदेश में ममता ने दावा किया कि करीब 100 सीटों पर मतगणना रुक गई है. उन्होंने आरोप लगाया, "लगभग 100 सीटें ऐसी हैं जहां TMC आगे चल रही है, लेकिन नतीजे छिपाए जा रहे हैं. SIR के नाम पर वोटों में गड़बड़ी हो रही है. चुनाव आयोग, केंद्र और पुलिस सब मिले हुए हैं." उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, "निराश मत होइए. हम शाम तक वहां पहुंचेंगे. डरो मत, मैं आपके साथ हूं."

मौजूदा स्थिति क्या है

BJP लगभग 195 सीटों पर आगे चल रही है और TMC  को 90 सीटों पर बढ़त है. अगर यही रुझान बरकरार रहा तो BJP राज्य में अपनी पहली सरकार बना सकती है और ममता बनर्जी के 15 साल लंबे शासन का अंत हो सकता है. बता दें कि पश्चिम बंगाल की 293 सीटों पर मतगणना आज सुबह 8 बजे शुरू हुई. कुछ सीटों पर पुनर्मतदान के आदेश भी दिए गए थे. BJP कार्यकर्ता अपने ऑफिस में मिठाई बांटकर जश्न मना रहे हैं.

Mamata Banerjee BJP Bengal TMC Defeat Bengal Election Results Jai Shri Ram

Recent News