मेरठ: दो नाबालिग बच्चों के बीच खेलते समय हुए झगड़े भयावह रूप ले लिया और दो परिवार आपस में भिड़ गए. मामला यहीं नहीं रुका और एक के परिवार के लोगों ने 8 वर्षीय बच्चे का अपहरण कर लिया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी. शव को अपने घर की छत पर छिपा दिया. मामले का खुलासा होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गई. पुलिस ने बताया कि एक निजी स्कूल में अध्यनरत केजी का छात्र कृष्ण कुमार शुक्रवार को लापता हो गया था.
शनिवार रात उसका शव हापुड़ के गढ़ मुक्तेश्वर में उसके पड़ोसी के घर की छत पर मिला. पुलिस ने बताया कि इस मामले में तीन पड़ोसियों को गिरफ्तार किया गया है. कृष्ण के लापता होने के बाद उसके पिता ई-रिक्शा चालक ने इलाके में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला. शुरुआत में आरोपी पड़ोसियों ने कृष्ण के माता-पिता की तलाश में मदद करने का नाटक किया. आरोपियों की पहचान दीपक कुमार, उसकी पत्नी सीमा देवी और छोटा भाई सोनू कुमार के रूप में हुई है. दीपक कुमार दिहाड़ी मजदूर बताया जा रहा है.
बच्चा नहीं मिलने पर छात्र के माता पिता ने पुलिस को भी इसकी सूचना दी. शनिवार रात को पुलिस ने इलाके में गहन तलाशी अभियान चलाया. पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान दीपक और उसके परिवार के सदस्यों के जवाब विसंगति पाई गई, जिससे उन पर संदेह पैदा हुआ. पुलिस ने बताया कि बाद में बच्चे का शव उनकी छत पर मिला. हापुड़ के एएसपी विनीत भटनागर ने कि आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया है.
दीपक के बेटे को खेलते समय कृष्णा ने मारा था, जिसके बाद परिवार ने उसका अपहरण कर लिया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. शव को छत पर छिपा दिया. एसपी भटनागर ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई है. लड़के के पिता की शिकायत के आधार पर दीपक, उसकी पत्नी और भाई पर हत्या का मामला दर्ज किया गया. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं घटना के बाद पीड़ित परिजनों में मातम पसड़ा हुआ है. घटना से स्थानीय लोग अचंभित हैं.