नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक अंतर-धार्मिक जोड़े के शव जंगल में मिले हैं. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लड़की के भाइयों ने मिलकर इस हत्या की साजिश रची थी. यह एक ऑनर किलिंग का मामला है. महिला की पहचान काजल (19 वर्ष) के रूप में हुई है और युवक का नाम अरमान (27 वर्ष) था.
दोनों मुरादाबाद के उमरी सब्जीपुर गांव के निवासी थे. काजल एक छात्रा थी. काजल के तीन भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिसमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार, काजल और अरमान तीन दिन पहले अपने-अपने घरों से लापता हो गए थे. जब वे वापस नहीं लौटे, तो दोनों परिवारों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सतपाल अंतिल ने बताया कि पुरुष पक्ष की ओर से बुधवार को रिपोर्ट दर्ज हुई थी, जबकि महिला पक्ष की शिकायत आज सुबह दर्ज हुई. कुछ घंटों बाद ही दोनों के शव जंगल में मिल गए. अंतिल ने कहा कि दोनों परिवारों की गुमशुदगी की रिपोर्ट मिलने के बाद हमने जांच शुरू की. जांच में पता चला कि महिला के भाइयों ने दोनों की हत्या कर दी.
दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनके इशारे पर ही मंदिर के पीछे जंगल में, गांव से कुछ मीटर दूर, दोनों शव बरामद किए गए. उन्होंने बताया कि दोनों शव मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बरामद किए गए और पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है.