वासेपुर में गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पर चला बुलडोजर! विधायक को जान से मारने की धमकी के बाद पुलिस का सख्त एक्शन

Amanat Ansari 04 Jul 2026 06:21: PM 1 Mins
वासेपुर में गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पर चला बुलडोजर! विधायक को जान से मारने की धमकी के बाद पुलिस का सख्त एक्शन

धनबाद: बॉलीवुड फिल्मों में मशहूर वासेपुर में एक बार फिर गैंगस्टरों की दहशत पर पुलिस ने बुलडोजर चला दिया. शनिवार को धनबाद पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पर भारी लाव-लश्कर के साथ बुलडोजर एक्शन किया. प्रिंस खान पर निरसा विधायक अरूप चटर्जी (भाकपा माले) को दुबई में बैठकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है.

विधायक ने धनबाद एसएसपी को शिकायत दी थी कि प्रिंस खान विदेशी नंबर से फोन, व्हाट्सएप ऑडियो और मैसेज भेजकर फिरौती मांग रहा था. विधायक के अनुसार, प्रिंस खान लगातार फोन कर रहा था. कॉल न उठाने पर 24 घंटे के अंदर पैसे का इंतजाम करने की धमकी दी. पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई. धमकी में कोयला कारोबार का भी जिक्र था.

पुलिस की कार्रवाई

धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर डीएसपी प्रकाश सोय की टीम ने प्रिंस खान के वासेपुर स्थित घर पर बुलडोजर चलाया. प्रिंस खान लंबे समय से फरार है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग व धमकी समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं.

अदालत में लगातार गैरहाजिर रहने के कारण उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश जारी हुआ था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई. पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी. यह एक्शन वासेपुर में अपराधियों के खिलाफ बुलडोजर नीति का साफ संदेश देता है. स्थानीय लोग इस कार्रवाई का स्वागत कर रहे हैं.

Wasseypur crime Wasseypur bulldozer action gangster Prince Khan MLA Arup Chatterjee

Recent News