बुरहानपुर: मां के चरण छूकर मुकुट-छत्र चुरा ले गए तीन बदमाश, CCTV में कैद चौंकाने वाला VIDEO

Amanat Ansari 15 Sep 2026 02:23 PM 1 Mins
बुरहानपुर: मां के चरण छूकर मुकुट-छत्र चुरा ले गए तीन बदमाश, CCTV में कैद चौंकाने वाला VIDEO

बुरहानपुर: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के इच्छापुर स्थित प्रसिद्ध मां इच्छादेवी मंदिर में शनिवार रात चौंकाने वाली चोरी की घटना हुई है. तीन बदमाश काले कपड़ों में मंदिर घुसे, रॉड से ताला तोड़ा और माता का मुकुट व छत्र चुराकर फरार हो गए. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि चोरी से पहले और बाद में एक आरोपी माता के चरण छूता नजर आया. पूरी वारदात मंदिर के CCTV कैमरे में कैद हो गई है.

पुलिस के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे तीनों बदमाश मंदिर पहुंचे. वे काले कपड़े पहने हुए थे और ऊपर सफेद जैकेट डाले थे. फिंगरप्रिंट से बचने के लिए उन्होंने दस्ताने भी पहन रखे थे. एक के हाथ में चाकू और दूसरे के पास रॉड थी, जबकि तीसरा बाहर निगरानी कर रहा था. पहले उन्होंने गेट का ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हुए.

फिर पेटी और मुख्य गेट पर रॉड से वार करके ताला तोड़ दिया. दो अंदर घुसे और माता की प्रतिमा के पास से मुकुट व छत्र निकाल लिया. CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक बदमाश पहले माता के पैर छूता है, फिर सामान चुराता है और जाते समय भी चरण स्पर्श करता है. उसके हाथ में कलावा भी बंधा नजर आया.

शाहपुर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि मंदिर प्रबंधन ने शनिवार शाम ही दान पेटी खाली कर दी थी, इसलिए नकदी सुरक्षित रही. सोने का मंगलसूत्र और नाक की लौंग भी सुरक्षित हैं. चोरी हुए मुकुट और छत्र चांदी के नहीं, बल्कि चांदी की पॉलिश वाले हैं, इसलिए कीमत ज्यादा नहीं है. फिर भी पुलिस घटना को गंभीरता से ले रही है.

रविवार सुबह पुजारी को ताला टूटा मिला और अंदर मुकुट-छत्र गायब मिले. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. मंदिर और आसपास के CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और तलाश जारी है. टीम लगाई गई है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है.

Recent News