गुरुग्राम: गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को कार से टक्कर मारकर भागने वाले आरोपी को गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान कल्याण बैंसला के रूप में हुई है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज कर दिया है.
रविवार को हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया था. सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज किया गया. शुरू में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाना) और 125 (चोट पहुंचाना) के तहत केस दर्ज किया गया था. लेकिन सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने के बाद पुलिस ने धारा 109 (हत्या का प्रयास) जोड़ दी है. इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर 10 साल तक की सजा हो सकती है.
घटना के समय महिला बाइकर (जो सोशल मीडिया पर सिया के नाम से जानी जाती हैं) अप्रिलिया RS 457 बाइक पर एक ग्रुप के साथ सवार थीं. फुटेज में दिखता है कि एक कार उनके ग्रुप के पास आई और सिया की बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद महिला बाइक से गिर गईं और सड़क पर कई मीटर तक घिसटती रहीं. उन्हें मामूली चोटें आई हैं, लेकिन वह शारीरिक दर्द और मानसिक सदमे से जूझ रही हैं.
सिया ने आरोप लगाया है कि कार ने पहले उनके ग्रुप का पीछा किया, बदतमीजी की और नशे में लग रहे लोग थे. उन्होंने कहा कि ड्राइवर ने पहले थंब्स अप दिखाया और फिर अजीब इशारे किए. आरोपी कल्याण बैंसला, जो खुद को जिम मालिक और इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी बताते हैं, ने टक्कर की बात तो मानी है लेकिन जानबूझकर टक्कर मारने से इनकार किया है.
उन्होंने दावा किया कि परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे और डर के कारण मौके से भाग गए. उनके वकील का कहना है कि महिला बाइकर बहुत तेज गति से चल रही थीं. पुलिस ने आरोपी को दौसा से हिरासत में लेकर गुरुग्राम ला रही है. आगे की जांच जारी है.