यूपी : लखनऊ में शासन ने उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है. अब राम मंदिर, रीजनल रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम (RRTS), लोक भवन, मेट्रो और हाईकोर्ट जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में स्नाइपर भी तैनात किए जाएंगे. इसके लिए शासन ने तीन आधुनिक स्नाइपर राइफल खरीदने की मंजूरी दी है. एक राइफल की कीमत करीब 10.76 लाख रुपये बताई गई है.
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ निगरानी के लिए 14 टेलीस्कोप सर्च मिरर भी खरीदे जाएंगे. स्नाइपर राइफल और अन्य अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण उत्तर प्रदेश स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स यानी यूपी एसएसएफ को उपलब्ध कराए जाएंगे. इन उपकरणों का इस्तेमाल संवेदनशील और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में तैनात जवानों की क्षमता बढ़ाने के लिए किया जाएगा.
इसके अलावा शासन ने जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा में तैनात गनरों के पुराने हथियारों को बदलने का भी फैसला किया है. इसके लिए 9 एमएम की 800 सब मशीन गन और करीब 2.56 लाख कारतूस खरीदे जाएंगे. इस पूरी खरीद पर लगभग 5.59 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इसका उद्देश्य सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को पुराने हथियारों की जगह आधुनिक और बेहतर हथियार उपलब्ध कराना है.
वहीं पीएसी की तीन नई महिला वाहिनियों को भी आधुनिक हथियारों से लैस किया जाएगा. इन महिला वाहिनियों के लिए 373 पिस्टल और 90 असॉल्ट राइफल खरीदने की योजना है। इसके लिए करीब दो करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है.
शासन के मुताबिक हथियारों और सुरक्षा उपकरणों की यह खरीद पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत की जाएगी, इससे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, वीआईपी सुरक्षा और महिला पुलिस बल की ऑपरेशनल क्षमता को और मजबूत करने में मदद मिलेगी.