अयोध्या में नकाबपोश महिला का आतंक, तमंचे के बल पर लूट ली सोने की चेन, देखता रहा गया सोनार!

Amanat Ansari 02 Apr 2026 10:50: PM 1 Mins
अयोध्या में नकाबपोश महिला का आतंक, तमंचे के बल पर लूट ली सोने की चेन, देखता रहा गया सोनार!

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में रुदौली थाना क्षेत्र के कोठी मोहल्ले में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है. एक नकाबपोश महिला ने दिनदहाड़े महेश ज्वेलर्स की दुकान पर तमंचा दिखाकर सोने के जेवर लूट लिए. दोपहर करीब 12:30 बजे एक महिला सामान्य ग्राहक बनकर महेश ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंची.

उसने दुकानदार से जेवर दिखाने को कहा और कई हार, चेन व अन्य गहनों को ध्यान से देखा. उसके व्यवहार में कोई संदेह नहीं हुआ, इसलिए दुकान के लोग बेखौफ रहे. जब दुकान मालिक महेश कुमार महिला द्वारा देखे गए जेवर को वापस रखने लगे, तभी अचानक महिला ने काउंटर पर रखे 26 ग्राम सोने के हार और चेन को झटके से उठा लिया. इसके तुरंत बाद उसने अपने बैग से तमंचा निकालकर दुकान में मौजूद सभी लोगों पर तान दिया.

तमंचे के डर से सब स्तब्ध

तमंचा देखते ही दुकान में खड़े लोग डर के मारे जड़ हो गए. इसका फायदा उठाते हुए महिला तेजी से दुकान से बाहर निकल भागी. दुकान के कर्मचारी मनीराम ने उसे पकड़ने की कोशिश की और दौड़कर बाहर गए, लेकिन तब तक महिला दुकान के बाहर खड़ी बाइक पर सवार हो चुकी थी. वह तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गई. पुलिस को आशंका है कि आरोपी महिला अकेली नहीं थी और उसके साथ एक या एक से अधिक सहयोगी भी हो सकते हैं, जिन्होंने बाहर से पूरा प्लान अंजाम दिया.

पुलिस ने की कार्रवाई शुरू

घटना की सूचना मिलते ही किला चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह मौके पर पहुचे. उन्होंने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और इलाके में घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी. पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और आरोपी महिला की पहचान करने की कोशिश में जुटी हुई है. देर शाम तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है. लूट की इस घटना से स्थानीय ज्वेलर्स और व्यापारियों में भारी डर का माहौल है. व्यापारियों ने प्रशासन से कड़ी सुरक्षा की मांग की है.

ayodhya loot mahesh jewelers loot ayodhya mahesh jewelers jewelers woman looted

Recent News