नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ क्षेत्र में कंदवा के पास गुरुवार को एक सीआरपीएफ वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन जवान शहीद हो गए. और 15 अन्य घायल हो गए. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) उधमपुर , संदीप भट के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया.
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "उधमपुर : कंदवा-बसंतगढ़ क्षेत्र में सीआरपीएफ वाहन के सड़क हादसे की खबर सुनकर व्यथित हूं. वाहन में सीआरपीएफ के कई बहादुर जवान सवार थे."
सिंह ने कहा कि उन्होंने उपायुक्त सलोनी राय से बात की है, जो स्थिति की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रही हैं. उन्होंने कहा, "बचाव उपाय तुरंत शुरू किए गए हैं. स्थानीय लोग स्वेच्छा से मदद के लिए आगे आए हैं. हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है."
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के कार्यालय ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, "उधमपुर के पास हादसे में सीआरपीएफ जवानों की जान जाने से दुखी हूं. हम उनकी राष्ट्र के प्रति अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. वरिष्ठ अधिकारियों को सर्वोत्तम देखभाल और सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है."