कॉकपिट में हमला, फिर भी नहीं डिगे कैप्टन स्मित मच्छार, यात्रियों की जान बचाने पर एक करोड़ का सम्मान

Global Bharat 03 Oct 2026 02:25 PM 1 Mins
कॉकपिट में हमला, फिर भी नहीं डिगे कैप्टन स्मित मच्छार, यात्रियों की जान बचाने पर एक करोड़ का सम्मान

नई दिल्ली : फ्लायदुबई की फ्लाइट में कॉकपिट के भीतर हुए गंभीर घटनाक्रम के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के लिए भूमिका निभाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार को मैनकाइंड फार्मा ने एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने का ऐलान किया है. कंपनी के मुताबिक यह राशि कैप्टन मच्छार और उनके परिवार को आभार के तौर पर दी जाएगी.

घटना 30 सितंबर 2026 की है. फ्लायदुबई की फ्लाइट दुबई से तेल अवीव जा रही थी. उड़ान के दौरान कॉकपिट में कैप्टन मच्छार और उनके सह-पायलट के बीच गंभीर संघर्ष हुआ. जानकारी के अनुसार, सह-पायलट ने मच्छार पर हमला किया, जिससे वह घायल हो गए. इसके बावजूद मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हमलावर को काबू करने में मदद की.

इस दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक तेज गिरावट दर्ज की गई. जानकारी के अनुसार विमान करीब 16 हजार फीट तक तेजी से नीचे आया, लेकिन बाद में स्थिति नियंत्रित की गई. विमान को सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया और वहां सुरक्षित लैंडिंग हुई. फ्लायदुबई ने भी पुष्टि की कि विमान सुरक्षित उतरा और सभी यात्री एवं चालक दल सुरक्षित थे.

विमान में 174 यात्री और आठ क्रू सदस्य सवार थे. घटना की जांच संबंधित एजेंसियां कर रही हैं और हमले के कारणों को लेकर अभी जांच जारी है.  मैनकाइंड फार्मा ने कैप्टन मच्छार के साहस, संयम और जिम्मेदारी को सम्मानित करते हुए 1 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की है. 

Captain Smit Machchhar Flydubai FZ1073 Mankind Pharma Cockpit Attack 1 Crore Reward

Description of the author

Recent News