अबू धाबी/नई दिल्ली: फ्लाईदुबई विमान में कॉकपिट हमले के दौरान सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की यूएई में जमकर तारीफ की जा रही है. शनिवार को दुबई के क्राउन प्रिंस और यूएई के डिप्टी प्राइम मिनिस्टर शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम ने अबू धाबी में उनका हालचाल लिया और उनकी बहादुरी की सराहना की.
शेख हमदान ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि स्मित मच्छार ने साहस, जिम्मेदारी और मानव जीवन के प्रति देखभाल की सबसे ऊंची मिसाल पेश की है. उन्होंने यूएई नेतृत्व की ओर से प्रशंसा व्यक्त करते हुए कहा कि हम गर्व महसूस करते हैं कि वे हमारी टीम का हिस्सा हैं, हमारे राष्ट्र की कहानी का हिस्सा हैं और यूएई जिस चीज के लिए खड़ा है करुणा, शांति और जीवन का राष्ट्र उसका हिस्सा हैं.
बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में ओमानी को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर क्रैश एक्स से हमला किया. यूएई ने इसे आतंकी हमला करार दिया है. हमलावर ने प्लेन का नियंत्रण लेने की कोशिश की, जिससे विमान सऊदी अरब के ऊपर 30 सेकंड से भी कम समय में 14,000 फीट से ज्यादा नीचे गिर गया.
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोला और मदद के लिए पुकारा. यात्रियों और क्रू सदस्यों ने हमलावर को काबू कर लिया. रिजर्व क्रू ने विमान को तबूक (सऊदी अरब) एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई. वहां शुरुआती इलाज के बाद उन्हें अबू धाबी शिफ्ट किया गया, जहां वे रिकवरी कर रहे हैं.
को-पायलट की पहचान
को-पायलट की पहचान हमाम अल-हम्मामी (ओमानी नागरिक) के रूप में हुई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, ओमान ने पहले उग्रवादी विचारों को लेकर उन्हें उड़ान भरने से प्रतिबंधित किया था, लेकिन बाद में फ्लाईदुबई ने उन्हें हायर कर लिया. शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉल पर स्मित मच्छार से बात की और उनकी तारीफ की. पीएम ने कहा, “आपने एक सेकंड के अंश में कई फैसले लिए और इतनी जानें बचाईं. हम भारतीयों को इस पर गर्व है. हम जान लेने वाले नहीं, जान बचाने वाले हैं.”
भावुक मच्छार ने पीएम को अपना सबसे बड़ा आइडल बताया और कहा कि हमले के दौरान उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया. कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी पूरे भारत और यूएई में सराही जा रही है. उनकी जल्द स्वस्थता की कामना की जा रही है.