भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी जैसे मामलों पर नकेल कसने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं. उसी कड़ी में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी के दो अलग-अलग मामलों में उत्तरी एमसीडी के एक बेलदार और एक मेट तथा नांगलोई स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में कार्यरत दो दलालों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
सीबीआई ने पहला मामला दिल्ली के एक आरोपी बेलदार के खिलाफ दर्ज किया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने शाहदरा उत्तर के निहाल विहार में अपने मकान के निर्बाध निर्माण की अनुमति देने के लिए शिकायतकर्ता से 70,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी. बातचीत के बाद आरोपी 65,000 रुपये की रिश्वत लेने के लिए तैयार हो गया. मामले की जानकारी जब सीबीआई को हुई तब जांच एजेंसी ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और उत्तरी एमसीडी, दिल्ली के आरोपी बेलदार राजकुमार और अजय कुमार गोस्वामी को शिकायतकर्ता से 65,000 रुपये की रिश्वत मांगते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया.
इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अब मामले में जांच जारी है. वहीं दूसरा मामला सीबीआई ने एक दूसरे आरोपी के खिलाफ दर्ज किया, जो दिल्ली के नांगलोई स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में काम करने वाला एक दलाल है. उस पर आरोप है कि उसने सब-रजिस्ट्रार पर अपना प्रभाव डालकर एक गिफ्ट डीड के निष्पादन में मदद करने के लिए शिकायतकर्ता से 30,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी.
बातचीत के बाद आरोपी 25,000 रुपये की रिश्वत लेने पर सहमत हो गया. जांच एजेंसी ने जाल बिछाया और आरोपी किशन राणा और एक अन्य दलाल भोला, दोनों को शिकायतकर्ता से 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया. उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. दोनों आरोपी सब-रजिस्ट्रार कार्यालय, नांगलोई, दिल्ली में काम करते हैं.