नई दिल्ली: कक्षा 12वीं की परीक्षा के मूल्यांकन और पुनर्मूल्यांकन पोर्टल में आई गंभीर तकनीकी खामियों के बाद केंद्र सरकार ने CBSE पर बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के चेयरमैन राहुल सिंह और बोर्ड के सेक्रेटरी का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है. साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय कमेटी भी गठित कर दी गई है.
क्या था विवाद?
CBSE के नए ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम और री-इवैल्यूएशन पोर्टल में भारी गड़बड़ियां आईं. छात्रों को अंक नहीं दिख रहे थे, पोर्टल बार-बार क्रैश हो रहा था और री-चेकिंग की प्रक्रिया ठप पड़ गई थी. इस फियास्को से लाखों छात्रों और अभिभावकों में काफी आक्रोश फैल गया था.
सरकार ने छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह कड़ा कदम उठाया है. इसे CBSE की अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है. अभी नए चेयरमैन और सेक्रेटरी के नाम की आधिकारिक घोषणा बाकी है. शिक्षा मंत्रालय पूरे मामले की गहन जांच करा रहा है.