संत कबीरनगर : उत्तर प्रदेश के संत कबीरनगर में चेन स्नेचिंग के दो आरोपियों का पुलिस कस्टडी में दिखा बेखौफ अंदाज चर्चा का विषय बन गया है. गिरफ्तारी के बाद मीडिया कैमरों और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों आरोपी मूंछों पर ताव देते नजर आए. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक, संत कबीरनगर पुलिस ने मोहम्मद कामिल और मोहम्मद अहमद को गिरफ्तार किया है. दोनों पर मेंहदावल क्षेत्र के अछिया गांव में एक बुजुर्ग महिला से चेन लूटने का आरोप है. पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की बाइक, गांजा और नकदी बरामद करने का दावा किया है.
पुलिस जांच में सामने आया कि 23 मई को हुई इस वारदात को दोनों आरोपियों ने नशे की लत पूरी करने के लिए अंजाम दिया था. पूछताछ में पता चला कि दोनों नशे के आदी हैं और खर्च निकालने के लिए चोरी व लूट जैसी घटनाओं में शामिल रहते थे. पुलिस के अनुसार, पहचान छिपाने के लिए आरोपी टोपी पहनते थे और चेहरा ढंककर रखते थे. विरोध होने पर लोगों की आंखों में लाल मिर्च फेंकने की भी बात सामने आई है.
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी ग्रामीण इलाकों को ज्यादा निशाना बनाते थे, क्योंकि वहां सीसीटीवी कैमरों की संख्या कम होती है. इसी वजह से वे लंबे समय तक पुलिस की नजरों से बचते रहे. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि लूटी गई चेन को 25 हजार रुपये में बेच दिया गया था. पुलिस ने जो 10 हजार रुपये बरामद किए हैं, उन्हें उसी रकम का हिस्सा बताया जा रहा है.
हालांकि, गिरफ्तारी के बाद मूंछों पर ताव देकर बेखौफ नजर आने वाले इन आरोपियों का एक और वीडियो सामने आया, जिसमें दोनों लंगड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद इस पूरे मामले पर चर्चा और तेज हो गई है. पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई जारी है.