गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के खोडा कॉलोनी चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड को लेकर पीड़ित परिवार का गुस्सा लगातार सामने आ रहा है. इस मामले में सूर्या चौहान की मां ने मीडिया से बातचीत में कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि वह आरोपियों के लिए सख्त से सख्त कार्रवाई चाहती हैं. सूर्या की मां ने कहा कि मुख्य आरोपी असद समेत इस मामले में शामिल सभी आरोपियों का फुल एनकाउंटर होना चाहिए.
उन्होंने यह भी मांग की कि आरोपियों के गांव और उनके घरों पर भी कार्रवाई की जाए. परिवार का कहना है कि बेटे की मौत के बाद उनका जीवन पूरी तरह बदल गया है और उन्हें इंसाफ चाहिए. मां ने बातचीत में कहा कि घटना से पहले वह असद को जानती तक नहीं थीं. उनका कहना था कि रोजमर्रा के कामकाज और जिम्मेदारियों में इतनी व्यस्तता रहती थी कि आसपास के लोगों या नामों पर ध्यान देने का मौका ही नहीं मिला, लेकिन घटना के बाद आरोपी का नाम और पहचान उनके सामने आई.
बातचीत के दौरान सूर्या की मां ने हिंदू-मुस्लिम संबंधों को लेकर भी अपनी निजी राय जाहिर की. उन्होंने कहा कि उनके अनुसार हिंदू-मुस्लिम भाई नहीं हो सकते. यह बयान सामने आने के बाद मामले को लेकर सामाजिक और राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं.
फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. वहीं, पीड़ित परिवार लगातार न्याय और कठोर कार्रवाई की मांग कर रहा है.