पठानकोट: पंजाब के पठानकोट में एक व्यक्ति को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर सेना और अर्धसैनिक बलों की आवाजाही की लाइव फुटेज पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स को भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी की पहचान बलजीत सिंह उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है, जो पठानकोट जिले के चक धारीवाल गांव का रहने वाला है. पठानकोट पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी को सूचना मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया.
पुलिस अधिकारियों ने आरोप लगाया कि आरोपी और उसके साथियों ने सुजानपुर में पंजाब-जम्मू हाईवे पर ब्रिज नंबर 4 और 5 के बीच एक दुकान पर सीसीटीवी कैमरे लगाए थे. पुलिस के अनुसार, इन कैमरों का इस्तेमाल रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हाईवे पर सुरक्षा बलों की आवाजाही की निगरानी के लिए किया जा रहा था. लाइव फीड और निगरानी की जानकारी इलेक्ट्रॉनिक रूप से पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स और अन्य देश-विरोधी तत्वों को भेजी जा रही थी.
पुलिस ने कहा कि इस ऑपरेशन से राष्ट्रीय सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो रहा था. पठानकोट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि आरोपी पाकिस्तान के लिए जासूसी गतिविधियां कर रहा था और हाईवे के सुजानपुर वाले हिस्से से सुरक्षा बलों की संवेदनशील मूवमेंट की जानकारी पास कर रहा था. उन्होंने कहा कि आरोपी ने ये गतिविधियां अपनी ड्रग्स की लत को पूरा करने के लिए पैसे कमाने के लिए कीं.
एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी के तीन और साथी सामने आए हैं और मामले में आगे और खुलासे होने की उम्मीद है. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 61, 111, 113(3) और 152 के साथ ही आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने बताया कि अभी केवल बलजीत सिंह को ही गिरफ्तार किया गया है, जबकि शेष आरोपियों के नेटवर्क को ट्रेस करने के लिए आगे जांच चल रही है.