कांग्रेस नेता जयराम रमेश का आरोप था कि ‘केंद्रीय गृह मंत्री ने डीएम/आरओ (रिटर्निंग ऑफिसर) को फोन किया. उनके इस बयान पर मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि ऐसा कैसे हो सकता है?. क्या कोई उनको (डीएम/आरओ) प्रभावित कर सकता है? हमें बताएं कि यह किसने किया, हम उसको सज़ा देंगे. यह ठीक नहीं है कि आप अफवाह फैलाएं और सभी को शक के दायरे में ले आएं.
बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे मंगलवार (4 जून) को आने हैं. वोटों की काउंटिंग और रिजल्ट से पहले दिल्ली में चुनाव आयोग (Election Commission) ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की. ऐसा पहली बार है, जब लोकसभा चुनाव से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पूरी चुनाव प्रक्रिया और EC पर लगे तमाम आरोपों का जवाब दिया.
‘लापता जेंटलमैन' को लेकर ये कहा
CEC राजीव कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर ‘लापता जेंटलमैन' जैसे मीम चले, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ. चुनाव आयोग के अधिकारी कभी लापता थे ही नहीं. विपक्ष के नेताओं के आरोपों पर CEC ने कड़ी आपत्ति भी जताई. उन्होंने एक जगह खुद को कंट्रोल करते हुए कहा, "इन आरोपों पर दिल में कुछ है, लेकिन बोल नहीं पा रहा हूं.
CEC राजीव कुमार ने कहा कि कहीं भी हमारी गलती हो, तो हमें बताइए, लेकिन काउंटिंग सेंटर पर नहीं. जो काउंटर पर बैठे हैं, जो कंटेस्ट कर रहे हैं उनकी कोई शिकायत नहीं है. फिर पता नहीं कहां से शिकायत है. सब पारदर्शिता से काम होगा. अगर फिर भी कोई गलत मंशा से उपद्रव करना चाहता है, तो फिर उनसे सख्ती से निपटें. CEC ने फिर शायराना अंदाज में कहा कि मंज़ूर है इल्ज़ाम लगाओ हम पर, शर्त इतनी है कि साथ में सबूत भी हो.
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयुक्तों को सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने 'लापता जेंटलमैन' नाम दिया. लेकिन हम हमेशा यहीं थे, कभी नदारद नहीं रहे. कोई ऐसा नहीं बचा, जिसका हेलीकॉप्टर चेक न हुआ हो. यह मैसेज था कि जो टीम काम कर रही है वह डरेगी नहीं.
इसका नतीजा है कि इस बार के लोकसभा चुनाव के दौरान कैश, गिफ्ट, नशे की चीजें और शराब समेत 10,000 करोड़ रुपए मूल्य की जब्ती की गई. जबकि 2019 में 3,500 करोड़ रुपये की जब्ती की गई थी. लोकसभा चुनाव 2024 के लिए करीब 4 लाख गाड़ियों, 135 स्पेशल ट्रेनों और 1692 उड़ानों का इस्तेमाल किया गया.