अमेठी में वोटर लिस्ट से कटा स्मृति ईरानी का नाम, मचा हड़कंप, जांच के आदेश

Global Bharat 12 Jun 2026 01:30: PM 1 Mins
अमेठी में वोटर लिस्ट से कटा स्मृति ईरानी का नाम, मचा हड़कंप, जांच के आदेश


अमेठी : उत्तर प्रदेश के अमेठी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से पूर्व केंद्रीय मंत्री और अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी का नाम गायब होने का मामला चर्चा का विषय बन गया है. मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान उनका नाम सूची से हट जाने के बाद स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. स्मृति ईरानी अमेठी जिले के मेदन मवई गांव की मतदाता रही हैं और पंचायत चुनाव में उनका नाम दर्ज रहने को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है.

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में भी स्मृति ईरानी का नाम पंचायत मतदाता सूची में शामिल नहीं था. इस बार फिर उनका नाम सूची में न होने से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सवाल उठाए हैं. हालांकि, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज है, जिससे यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है.

मामले को लेकर एसडीएम प्रीति तिवारी ने बताया कि प्रशासन ने इस प्रकरण का संज्ञान लिया है. उन्होंने संबंधित खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को जांच कर आवश्यक संशोधन करने के निर्देश दिए हैं. एसडीएम के अनुसार दावा-आपत्ति प्रक्रिया के तहत पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएंगे, जबकि अपात्र और मृतक मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे.

भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज है. पंचायत मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवश्यक दस्तावेज पहले ही बीएलओ को उपलब्ध करा दिए गए थे. उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की गई है और एसडीएम ने आवश्यक सुधार का आश्वासन दिया है. अब प्रशासनिक जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि मतदाता सूची से नाम हटने के पीछे तकनीकी कारण थे या पुनरीक्षण प्रक्रिया में कोई चूक हुई है.

Smriti Irani Voter List Amethi Panchayat Election Smriti Irani Name Missing Amethi Panchayat Voter List Uttar Pradesh Panchayat Election 2026

Description of the author

Recent News