यूपी के सियासी रण में चिराग पासवान की एंट्री, 2027 में चुनाव लड़ने का ऐलान, 403 सीटों पर तैयारी!

Global Bharat 27 Sep 2026 11:08 PM 1 Mins
यूपी के सियासी रण में चिराग पासवान की एंट्री, 2027 में चुनाव लड़ने का ऐलान, 403 सीटों पर तैयारी!

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है. बिहार की राजनीति में सक्रिय लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अब यूपी में भी अपना राजनीतिक विस्तार करने जा रही है. केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेगी.

दरअसल, चिराग पासवान रविवार को प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया. पार्टी इससे पहले ही यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का ऐलान कर चुकी है. सितंबर में पार्टी ने 101 विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति भी की है.

चिराग की पार्टी का यूपी में फोकस संगठन विस्तार के साथ सामाजिक आधार मजबूत करने पर है. जानकारी के मुताबिक, एलजेपी (रामविलास) खास तौर पर पासी-पासवान समेत दलित समुदाय के बीच अपनी राजनीतिक मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रही है. पार्टी की ओर से अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी की जा रही है.

हालांकि सबसे बड़ा सवाल एडीए को लेकर है. चिराग पासवान पहले ही कह चुके हैं कि अगर एडीए में सम्मानजनक सीट बंटवारा होता है तो पार्टी गठबंधन के साथ चुनाव लड़ेगी, वरना अकेले मैदान में उतरने का विकल्प खुला है.

वहीं, मीडिया रिपोर्टों में बीजेपी और एलजेपी (रामविलास) के बीच करीब 10 सीटों को लेकर बातचीत की खबरें सामने आई हैं, लेकिन इस सीट बंटवारे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. यानी यूपी में चिराग पासवान की एंट्री का ऐलान हो चुका है, लेकिन पार्टी कितनी सीटों पर उतरेगी और एनडीए के साथ उसका अंतिम फॉर्मूला क्या होगा, इसका फैसला आगे की बातचीत से साफ होगा.

Chirag Paswan LJP Ram Vilas UP Assembly Election 2027 Uttar Pradesh Politics NDA Alliance

Description of the author

Recent News