नई दिल्ली: जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शन रविवार को और तीखे हो गए. गेट नंबर 7 पर पुलिस और छात्रों के बीच झड़प व धक्का-मुक्की हुई. बताया जा रहा है कि प्रदर्शन में शामिल तीन बाहरी लड़कियों और एक लड़के को पुलिस ने हिरासत में लिया, हालांकि पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार ने हिरासत की बात से इनकार किया है. फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है और सुरक्षाकर्मी तैनात हैं.
विश्वविद्यालय में 12 अक्टूबर से छात्रसंघ चुनाव की बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है. प्रशासन और शिक्षकों की अपीलों के बावजूद छात्रों ने नारेबाजी जारी रखी. भूख हड़ताल में शामिल छात्रों का आरोप है कि प्रशासन ‘गालिब प्रतिमा लॉन’ के पास प्रदर्शन स्थल हटाने के बहाने बना रहा है. 18 अक्टूबर को गठित सात सदस्यीय हाई-लेवल कमेटी एक हफ्ते से छात्रों से बातचीत की कोशिश कर रही थी, लेकिन तनाव कम नहीं हुआ.
छात्रों ने प्रशासन के उस फैसले पर भी सवाल उठाए हैं, जिसके तहत अचानक सभी कक्षाएं ऑनलाइन कर दी गईं. उनका आरोप है कि यह परिसर खाली कराने और उनकी मांग दबाने की साजिश है. रजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि छात्रों की सुरक्षा और शिक्षण को निर्बाध जारी रखने के लिए ऑनलाइन कक्षाएं चलाने का फैसला लिया गया है. छात्रों से परिसर में आने से बचने की सलाह दी गई है. अगले आदेश तक पुस्तकालय भी बंद रहेंगे.
प्रदर्शन स्थल के नजदीक गरमाए माहौल के बीच रविवार शाम गेट नंबर 7 पर झूमा-झटकी हो गई. आधिकारिक रूप से हिरासत की पुष्टि अभी नहीं हुई है. विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रों के बीच यह गतिरोध अभी भी जारी है.