नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) मनस्वी वशिष्ठ को निलंबित कर दिया गया है. उन्होंने सोमवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय (PHQ) के बाहर पुलिसकर्मियों के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया था. गांधीनगर के पूर्व ACP मनस्वी वशिष्ठ के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस के अनेक अधिकारी और जवान जय सिंह रोड स्थित पुलिस मुख्यालय के बाहर इकट्ठा हुए थे.
वे पूर्वी दिल्ली के शाहदरा में वकीलों के साथ हाल ही में हुए टकराव के मामले में पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार से मिलकर अपनी बात रखना चाहते थे. ट्रांसफर की कार्रवाई के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया था. हाल ही में वकील ललित बंसल पर हुए हमले के मामले को संभालने के तरीके को लेकर दिल्ली के वकीलों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया था. इसके बाद ACP वशिष्ठ और शाहदरा थाने के SHO अरुण कुमार का ट्रांसफर कर दिया गया था.
पिछले हफ्ते हड़ताल पर गए वकीलों का आरोप था कि जब वे बंसल पर हुए हमले के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने पुलिस स्टेशन गए, तो ACP और SHO ने कथित तौर पर उन्हें धमकाया था. 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस स्टेशन में वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच हुई झड़प के बाद यह विवाद बढ़ा था.
वकीलों ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद 28 अक्टूबर को उनके तबादले किए गए. तबादले के बाद वकीलों ने हड़ताल वापस ले ली, लेकिन पुलिसकर्मियों में असंतोष बना रहा. निलंबन की कार्रवाई अनुशासन उल्लंघन के आधार पर की गई है. पुलिस मुख्यालय के बाहर यह प्रदर्शन दिल्ली पुलिस में दुर्लभ माना जा रहा है.