जंतर-मंतर ड्यूटी के बाद घर लौटते समय दिल्ली पुलिस कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत

Amanat Ansari 12 Oct 2026 01:39 PM 1 Mins
जंतर-मंतर ड्यूटी के बाद घर लौटते समय दिल्ली पुलिस कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत

नई दिल्ली/गुरुग्राम: दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल की गुरुग्राम के मानेसर इलाके में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. मृतक कांस्टेबल अमित हरियाणा के मानेसर के बासलंबी गांव के रहने वाले थे. वे जंतर-मंतर पर नाइट ड्यूटी से घर लौट रहे थे. कांस्टेबल अमित को जंतर-मंतर पर रात की ड्यूटी पर तैनात किया गया था. सुबह 8 बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद वे अपनी बाइक से घर जा रहे थे.

इसी दौरान मानेसर में पटौदी रोड (NH-8) पर हादसा हो गया. घायल हालत में उन्हें IMT मानेसर के सिल्वर स्ट्रीक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बता दें कि दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे.

पार्टी ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया था, लेकिन पुलिस ने अनुमति नहीं दी थी. फिर भी समर्थकों के जुटने की आशंका को देखते हुए राजधानी में 20 हजार से अधिक पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान तैनात किए गए थे. कांस्टेबल अमित भी इन्हीं सुरक्षा व्यवस्थाओं के तहत जंतर-मंतर पर ड्यूटी पर थे. हादसे की खबर मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

Recent News