दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी ने घेरा संसद मार्ग थाना, वायरल वीडियो को लेकर कार्रवाई की मांग

Amanat Ansari 04 Sep 2026 11:59 AM 1 Mins
दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी ने घेरा संसद मार्ग थाना, वायरल वीडियो को लेकर कार्रवाई की मांग

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को संसद मार्ग थाने का घेराव कर हंगामा मचाया. वे एक वायरल पॉडकास्ट वीडियो को लेकर स्वतंत्र भारद्वाज नाम के युवक पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज कथित तौर पर दावा करते दिख रहे हैं कि उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए सीजेपी प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी छात्रा के पिता से मारपीट की थी.

पीड़ित संजय कुमार आजाद, छात्रा नीशू के पिता हैं, जो 23 जून को नीट पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन के दौरान घायल हुए थे. सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे. आशुतोष रांका ने कहा, “अपराधी खुलेआम अपना अपराध कबूल कर रहा है, लेकिन दिल्ली पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. हम नीशू और उनके पिता के साथ खड़े हैं. हम हत्या का मामला दर्ज करने की मांग करेंगे.”

आजाद समाज पार्टी-कांशी राम के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी थाने पहुंचे और प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया. स्थिति को देखते हुए थाने के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस का पक्ष अलग है. नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा के अनुसार, हाथापाई के दौरान कथित हमलावर के कड़े से संजय के सिर में चोट आई थी, जिसे आरएमएल अस्पताल में मामूली बताया गया. संसद मार्ग थाने में मामला दर्ज है.

सूरज कुमार और स्वतंत्र भारद्वाज को मौके से हिरासत में लिया गया था. बाद में उन्हें नोटिस जारी कर पूछताछ की गई. पुलिस का कहना है कि जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी. राजनीतिक दखल के आरोपों को पुलिस ने खारिज कर दिया है. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्वतंत्र भारद्वाज ने वीडियो में यह भी दावा किया कि भाजपा नेता कपिल मिश्रा के फोन के बाद वे जेल जाने से बच गए. इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.

Cockroach Janata Party CJP Parliament Street Police Station Independent Bhardwaj Jantar Mantar CJP protest

Recent News