पड़ोसी युवक से प्रेम पड़ा भारी! पिता ने बेटी को मौत के घाट उतारा, इलाके में सनसनी

Global Bharat 04 Sep 2026 11:03 AM 1 Mins
पड़ोसी युवक से प्रेम पड़ा भारी! पिता ने बेटी को मौत के घाट उतारा, इलाके में सनसनी

आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. थाना एकता क्षेत्र में एक पिता ने अपनी 17 वर्षीय बेटी की कथित तौर पर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि बेटी का पड़ोस में रहने वाले एक युवक से प्रेम संबंध था, जिससे परिवार नाराज था. इसी बात को लेकर घर में पिछले कुछ दिनों से तनाव बना हुआ था.

जानकारी के मुताबिक, किशोरी करीब दो दिन पहले घर से चली गई थी, इसके बाद उसके वापस आने पर परिवार में विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी. शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे पिता ने कथित तौर पर बेटी पर हमला कर दिया. आरोप है कि जब बेटी सो रही थी, तभी पिता ने पहले उसका गला दबाया. इसके बाद चापड़ से उसके सिर और गले पर कई वार किए.

हमले में किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद पिता ने खुद पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स के साथ एसीपी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या के पीछे पूरा घटनाक्रम क्या था और घटना के समय घर में कौन-कौन मौजूद था.

वहीं, किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और चोटों की स्थिति की पुष्टि होगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Agra murder case daughter murder love affair father kills daughter Ekta police station

Description of the author

Recent News