मऊ : लखनऊ के डालीबाग इलाके में समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी की पत्नी फरहत अंसारी के नाम दर्ज कोठी में चोरी का मामला सामने आया है. अदालत के आदेश के बाद बुधवार को कोठी की सील खोली गई और परिवार को कब्जा सौंपने की प्रक्रिया शुरू हुई. इसी दौरान अंदर का सामान बिखरा मिला और कई चीजें गायब होने का आरोप लगाया गया.
अफजाल अंसारी के मुताबिक, कोठी के कमरे और किचन में सामान अस्त-व्यस्त हालत में मिला. आरोप है कि कई अलमारियों और दराजों के ताले टूटे हुए थे. उनमें रखे लाखों रुपये के जेवर और अन्य कीमती सामान गायब बताए जा रहे हैं. इनमें बेटी की शादी के लिए रखे गए जेवर भी शामिल होने का दावा किया गया है.
मामले को और गंभीर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि कोठी में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी गायब मिली है. यानी जिस परिसर में सुरक्षा के लिए कैमरे लगे थे, उनकी रिकॉर्डिंग का मुख्य उपकरण ही मौके से नहीं मिला. परिवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद डालीबाग चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी.
करीब 6,700 वर्गफुट में बनी यह कोठी अक्टूबर 2022 में गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्क कर सील की गई थी. अदालत के आदेश के बाद चार साल बाद बुधवार को इसकी सील हटाकर परिवार को कब्जा दिया गया.
अब पुलिस चोरी हुए सामान का ब्योरा जुटाने के साथ यह पता लगाने में लगी है कि सील परिसर में कौन दाखिल हुआ और घटना कब हुई. सीसीटीवी की डीवीआर गायब होने से जांच में यह पहलू भी अहम माना जा रहा है. पुलिस की जांच के बाद ही चोरी की पूरी तस्वीर साफ होगी.