मिग-21 से दुश्मन का F-16 ढेर, 60 घंटे पाक हिरासत में रहे अभिनंदन, अब छोड़ दिया वायुसेना

Global Bharat 03 Sep 2026 09:10 AM 1 Mins
मिग-21 से दुश्मन का F-16 ढेर, 60 घंटे पाक हिरासत में रहे अभिनंदन, अब छोड़ दिया वायुसेना

नई दिल्ली : भारतीय वायुसेना के वीरचक्र विजेता ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने वायुसेना से विदाई ले ली है. वर्ष 2019 में पाकिस्तान के खिलाफ बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद हुई हवाई भिड़ंत में अदम्य साहस दिखाने वाले अभिनंदन अब अपने करियर की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, उन्होंने भारतीय वायुसेना से रिटायरमेंट लेने के बाद प्राइवेट एयरलाइन FLY91 ज्वाइन कर ली है.

अभिनंदन का नाम देश की सैन्य वीरता की चर्चित घटनाओं में शामिल है. 27 फरवरी 2019 को भारत और पाकिस्तान के बीच हवाई मुठभेड़ के दौरान उन्होंने पाकिस्तानी वायुसेना के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने का दावा किया गया था. इस कार्रवाई के दौरान उनका MiG-21 Bison भी पाकिस्तानी मिसाइल की चपेट में आ गया था.

विमान के क्षतिग्रस्त होने के बाद अभिनंदन ने समय रहते इजेक्ट किया और पैराशूट के जरिए पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में जा उतरे, इसके बाद उन्हें पाकिस्तानी सेना ने हिरासत में ले लिया. उनकी तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद भारत में उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर चिंता बढ़ गई थी.

अभिनंदन की रिहाई के लिए भारत ने पाकिस्तान पर कूटनीतिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव बनाया. करीब 60 घंटे तक हिरासत में रहने के बाद आखिरकार उन्हें भारत को सौंप दिया गया. अटारी-वाघा सीमा के रास्ते जब उन्होंने भारत की धरती पर कदम रखा, तो पूरे देश में उनका जोरदार स्वागत हुआ.

अभिनंदन की बहादुरी और धैर्य को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें वीरचक्र से सम्मानित किया. इसके बाद भी वह वायुसेना में अपनी सेवाएं देते रहे. अब वायुसेना की वर्दी छोड़कर अभिनंदन विमानन क्षेत्र में ही अपनी नई पारी शुरू करेंगे. FLY91 में उनकी एंट्री को उनके लंबे सैन्य उड़ान अनुभव के बाद एक महत्वपूर्ण करियर बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है.

अभिनंदन वर्धमान Abhinandan Varthaman F-16 Fighter Jet वीरचक्र विजेता अभिनंदन FLY91 Airline

Description of the author

Recent News