अमृतसर : पंजाब में चुनाव आयोग के SIR (Special Intensive Revision) अभियान के तहत जारी की गई ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. इस सूची में राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का नाम भी शामिल नहीं है। उनका नाम चुनाव आयोग की ASDD (Absent, Shifted, Dead and Duplicate) सूची में दर्ज किया गया है.
चुनाव आयोग की ओर से 13 अगस्त 2026 को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में राघव चड्ढा के नाम के सामने परमानेंटली शिफ्टेड यानी स्थायी रूप से स्थानांतरित लिखा गया है. इसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया है. खास बात यह है कि चड्ढा पंजाब से ही राज्यसभा सांसद चुने गए थे.
राघव चड्ढा को आम आदमी पार्टी ने वर्ष 2022 में पंजाब से राज्यसभा भेजा था. हालांकि, अप्रैल 2026 में उन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था. अब SIR के दौरान उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं होने से राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं.
हालांकि, चुनाव आयोग की प्रक्रिया के मुताबिक यह अंतिम मतदाता सूची नहीं है. ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद दावे और आपत्तियां दाखिल करने की प्रक्रिया जारी है. जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, उन्हें अपनी स्थिति स्पष्ट करने और नाम दोबारा शामिल कराने का अवसर दिया गया है.
चुनाव आयोग के अनुसार, ऐसे मतदाता 12 सितंबर तक फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन और जरूरी सत्यापन के बाद नाम को अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जा सकता है.
इसलिए फिलहाल राघव चड्ढा का नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर होना अंतिम फैसला नहीं माना जा रहा है. उनकी ओर से दावा दाखिल करने के बाद चुनाव आयोग के सत्यापन के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.