नई दिल्ली : केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. मंगलवार को उनके मंत्रालय में डाक के जरिए एक बिना हस्ताक्षर वाला धमकी भरा पत्र पहुंचा. पत्र में केंद्रीय मंत्री की हत्या की सीधी धमकी दी गई है.
रिपोर्ट के मुताबिक, धमकी भरे पत्र में दो मोबाइल नंबर भी दर्ज थे। पत्र खोलने पर उसमें लिखा मिला- “You will be killed shortly by hardcore terrorists”, यानी आपको जल्द ही कट्टर आतंकवादियों द्वारा मार दिया जाएगा. पत्र में कट्टर आतंकवादियों’ का जिक्र होने के कारण सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए चिराग पासवान के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार सिंह ने केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखा है. उन्होंने धमकी की तत्काल और गहन जांच कराने के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर उसे जरूरत के मुताबिक मजबूत करने का अनुरोध किया है. मूल धमकी भरे संदेश की कॉपी भी गृह सचिव को भेजे जाने की जानकारी सामने आई है.
चिराग पासवान को पहले से Z-कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है. इसके बावजूद मंत्रालय तक सीधे जान से मारने की धमकी पहुंचने को गंभीर सुरक्षा मामला माना जा रहा है. आने वाले दिनों में चिराग के कई सार्वजनिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं, इसलिए उनके कार्यालय ने सुरक्षा को प्राथमिकता देने की मांग की है.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी भरा पत्र किसने भेजा और क्या इसका किसी आतंकी संगठन से वास्तविक संबंध है. सुरक्षा एजेंसियां पत्र, उसमें दर्ज मोबाइल नंबरों और अन्य उपलब्ध सुरागों की जांच करेंगी. जांच पूरी होने के बाद ही धमकी की वास्तविकता और इसके पीछे की साजिश का पता चल सकेगा.
इससे पहले जुलाई 2025 में भी चिराग पासवान को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी मिलने की रिपोर्ट सामने आई थी.