सहारनपुर (उत्तर प्रदेश): पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की सोफिया मार्केट स्थित करेंसी चेस्ट में जाली नोटों का मामला और गंभीर होता जा रहा है. पहले करीब 7 करोड़ रुपए के नकली नोट मिलने की खबर आई थी, अब यह रकम बढ़कर लगभग 17 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और PNB की 21 सदस्यीय संयुक्त टीम मंगलवार को सहारनपुर पहुंची. टीम ने करीब आठ घंटे तक करेंसी चेस्ट में जांच की.
कैसे सामने आया मामला?
करीब 11.50 करोड़ रुपए की करेंसी RBI के जयपुर कार्यालय भेजी गई थी. वहां मिलान के दौरान लगभग 4.30 लाख रुपए की कमी पाई गई. इसके बाद बैंक ने विस्तृत जांच शुरू की, जिसमें पहले 7 करोड़ से ज्यादा और अब 17 करोड़ के आसपास जाली नोट मिलने की पुष्टि हुई.
संयुक्त टीम कैश की प्राप्ति, गिनती, छंटाई, सत्यापन और चेस्ट में जमा करने से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है. नोटों के सीरियल नंबर, बंडल और सील से जुड़े दस्तावेजों का भी मिलान किया जा रहा है. जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि नकली नोट बैंकिंग चैनल में कैसे और किस स्तर पर शामिल हुए.
मामले में तीन बैंक अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है. हाउसकीपर से जुड़ी रुपए की कमी की भी अलग से जांच चल रही है. आरोपियों के बैंक खाते सीज कर दिए गए हैं. जांच एजेंसियां अब पूरे कैश ट्रेल और संबंधित वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही हैं.