खाटू श्याम से लौट रहे श्रद्धालुओं पर टूटा कहर: KMP एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 6 की मौत-14 घायल

Amanat Ansari 01 Sep 2026 02:50 PM 1 Mins
खाटू श्याम से लौट रहे श्रद्धालुओं पर टूटा कहर: KMP एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 6 की मौत-14 घायल

नई दिल्ली: हरियाणा के पलवल में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के हुआ भीषण सड़क हादसा पूरे इलाके में चीख-पुकार मचा गया. खाटू श्याम और सालासर बालाजी के दर्शन कर लौट रहे उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी. इस दर्दनाक टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के किशनपुर मुरैया, मकोया, चांदा और आसपास के गांवों के श्रद्धालु सोमवार शाम राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर के दर्शन करने के बाद मथुरा-वृंदावन के लिए जा रहे थे. मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे पलवल क्षेत्र में KMP एक्सप्रेसवे पर पिकअप गाड़ी अचानक खड़े ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, पिकअप चालक को झपकी लगने के कारण यह हादसा हुआ. मृतकों की पहचान विजय सिंह, राजकुमार, महेश, रेशमा देवी, कमला देवी और सुधा महेश के रूप में हुई है. इनमें तीन महिलाएं शामिल हैं. घायलों में सुनील, श्वेता यादव, बीरेश, उमेद, विनोद कुमार, सरला, रूबी, रामसेवक, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा और गोरा देवी शामिल हैं. सभी का जिला नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है.

हादसे की सूचना मिलते ही पलवल पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से घायलों को गाड़ियों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. दोनों वाहनों के चालक (ट्रक चालक और पिकअप चालक सुधीर) हादसे के बाद मौके से फरार हो गए. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया है और दोनों चालकों की तलाश शुरू कर दी है. यह हादसा धार्मिक यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए बेहद दुखद साबित हुआ.

KMP Expressway accident 6 devotees killed 14 people injured accident in Palwal

Recent News