Aurangabad Rape: बिहार के औरंगाबाद जिले में एक नाबालिग लड़की से गैंगरेप का मामला सामने आया है. आरोप है कि लड़की को सड़क से जबरन कार में खींचकर ले जाया गया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटना का संज्ञान लिया है. पुलिस जांच कर रही है.कुटुंबा थाना क्षेत्र की घटना में नाबालिग लड़की घर से पैदल अस्पताल जा रही थी.
रास्ते में कार सवार तीन युवकों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया. कई घंटों बाद आरोपियों ने लड़की को उसके घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर छोड़ दिया और वहां से फरार हो गए. घर पहुंचने के बाद लड़की ने परिजनों को पूरी घटना बताई. इसके बाद परिजन शिकायत लेकर कुटुंबा थाना पहुंचे.
सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और दो आरोपियों प्रिंस कुमार और रौशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया. तीसरे आरोपी राजू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. तीनों आरोपी स्थानीय क्षेत्र के बताए गए हैं. थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.