नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने गुरुवार को ‘आरक्षण हटाओ आंदोलन’ के प्रतिनिधियों से मुलाकात की. यह मुलाकात दिल्ली के जंतर मंतर पर 21 अगस्त को हुए जाति-आधारित आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन के बाद पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हुई.
नड्डा ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने हर्ष दुबे, मृत्युंजय पाठक और रण बहादुर सिंह चौहान से सौहार्दपूर्ण चर्चा की. उन्होंने कहा, “जंतर मंतर पर 21 अगस्त को हुए आंदोलन के बाद पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टीम के सदस्यों से सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई. इस संबंध में जल्द ही फिर मुलाकात होगी.”
आरक्षण हटाओ आंदोलन के प्रतिनिधि हर्ष दुबे ने इसे संवाद की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. उन्होंने कहा, “यह समाज के कल्याण के लिए सकारात्मक पहल है. हम जल्द ही नड्डा जी से फिर मिलेंगे और सभी वर्गों के हित में सकारात्मक और न्यायसंगत फैसला करने की कोशिश करेंगे.”
आंदोलन की मांग है कि शिक्षा और रोजगार में आरक्षण जाति के बजाय आय के आधार पर तय हो. वे ‘एक परिवार, एक आरक्षण’ नीति और यूजीसी के जाति-समता निर्देशों को तुरंत वापस लेने की भी मांग कर रहे हैं. समूह का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी वर्ग के खिलाफ नहीं, बल्कि समान अवसर और राष्ट्रीय हित में सुधार के लिए लोकतांत्रिक तरीके से विचार रखना है.