लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की चर्चा जोर पकड़ रही है. दोनों पार्टियों के नेताओं की बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है. सपा नेता एमएच खान ने साफ कहा कि अभी कोई सीट बंटवारा नहीं हुआ है, लेकिन यह तय है कि दोनों पार्टियां मिलकर ही चुनाव लड़ेंगी. उन्होंने बताया कि बंटवारा उसी तर्ज पर होगा जैसे मध्य प्रदेश के चुनाव में हुआ था.
इसमें कोई झगड़ा या बवाल नहीं है. फैसला अखिलेश यादव, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ही लेंगे. बीच में कोई तीसरा नहीं आएगा. खान ने कहा, “चुनाव नजदीक आने दीजिए, सीटों का बंटवारा हो जाएगा. जो लोग बीच में आकर बातें कर रहे हैं, वे अपनी पार्टी को कमजोर कर रहे हैं.”
वहीं कांग्रेस सांसद राकेश राठौड़ ने जोर दिया कि कांग्रेस मजबूत तैयारी कर रही है. पार्टी सम्मानजनक सीटों पर ही गठबंधन धर्म निभाएगी. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और संविधान संरक्षण के मुद्दे पर उनके संघर्ष के बाद उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और राहुल गांधी पर लोगों का विश्वास बढ़ा है. पार्टी तमाम सीटों पर मजबूत दावेदार तलाश रही है.
सपा नेता ने बसपा की हलचल पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि मायावती का काम ही झटका देना है, लेकिन सपा का इससे कोई लेना-देना नहीं. अखिलेश यादव 2027 में मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं और पार्टी हर स्तर पर तैयारियां कर रही है. दोनों पार्टियों के नेताओं के इन बयानों से साफ है कि 2027 के चुनाव से पहले गठबंधन की सीट शेयरिंग को लेकर सियासी पारा अभी और चढ़ेगा.