कन्फर्म टिकट का लालच देकर रेलवे कर्मचारी ने प्लैटफॉर्म पर बने रूम में किया रेप, आरोपी गिरफ्तार

Amanat Ansari 04 Sep 2026 11:43 AM 1 Mins
कन्फर्म टिकट का लालच देकर रेलवे कर्मचारी ने प्लैटफॉर्म पर बने रूम में किया रेप, आरोपी गिरफ्तार

राउरकेला (ओडिशा): ओडिशा के राउरकेला रेलवे स्टेशन पर एक रेलवे कर्मचारी ने महिला यात्री को कन्फर्म टिकट का लालच देकर प्लैटफॉर्म पर बने कमरे में ले जाकर रेप कर लिया. आरोपी को तुरंत सेवा से निलंबित कर दिया गया है और जीआरपी ने उसे हिरासत में ले लिया है.

घटना की जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपनी दो चचेरी बहनों के साथ बेंगलुरु जा रही थी. तीनों गलत ट्रेन में चढ़ गईं और हटिया स्टेशन पहुंच गईं. वहां से दूसरी ट्रेन पकड़कर रात करीब 9 बजे राउरकेला पहुंचीं. उनके पास बेंगलुरु का टिकट कन्फर्म नहीं था.

जब पीड़िता की बहनें इन्क्वायरी काउंटर पर गईं, तो प्लैटफॉर्म पर खड़ी महिला से 54 वर्षीय रेलवे कर्मचारी कपिलेश्वर सिंह (इंस्पेक्टर ऑफ वर्क्स विभाग) ने संपर्क किया. उसने कन्फर्म टिकट का इंतजाम करने का वादा किया और उसे प्लैटफॉर्म नंबर 1 पर बने वाल्व रूम (ऑपरेटर रूम) में ले गया. वहां उसने कमरा अंदर से बंद कर लिया और रेप किया.

पीड़िता ने शिकायत की कि आरोपी बाद में उसे 2 हजार रुपये भी देने की कोशिश कर रहा था और घटना के बारे में किसी को न बताने के लिए दबाव डाल रहा था. शिकायत के बाद जीआरपी ने रेलवे अधिकारियों से संपर्क कर आरोपी की पहचान की. पीड़िता ने उसे पहचान लिया.

पीड़िता को राउरकेला सरकारी अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया. जीआरपी ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(b) के तहत केस दर्ज किया है. आरोपी फिलहाल हिरासत में है और जांच जारी है. यह घटना रेलवे स्टेशनों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है. चक्रधरपुर रेलवे डिवीजन के इस प्रमुख स्टेशन पर हुई इस वारदात की जांच में अन्य अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है.

Odisha rape Rourkela rape railway station rape train rape railway employee rape

Recent News