यूपी विधानसभा चुनाव से पहले BJP का बड़ा संगठनात्मक दांव, अवध क्षेत्र की 34 सदस्यीय टीम घोषित

Amanat Ansari 03 Sep 2026 11:50 PM 1 Mins
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले BJP का बड़ा संगठनात्मक दांव, अवध क्षेत्र की 34 सदस्यीय टीम घोषित

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. भाजपा ने प्रदेश के सभी छह क्षेत्रों की नई संगठनात्मक टीमों का ऐलान कर दिया है. इनमें अवध क्षेत्र की 34 सदस्यीय कार्यसमिति भी घोषित की गई है, जिसकी कमान क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी के हाथों में है. 

अवध क्षेत्र की नई टीम में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की गई है. कार्यसमिति में 10 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री, 10 क्षेत्रीय मंत्री और 10 कार्यसमिति सदस्य शामिल किए गए हैं. अवधेश द्विवेदी की टीम में राजीव मिश्रा, राहुल राज रस्तोगी, डॉ. विमल सिंह और अवधेश कटियारी को क्षेत्रीय महामंत्री बनाया गया है. इन नेताओं के कंधों पर संगठन विस्तार और विभिन्न जिलों में पार्टी अभियानों को गति देने की जिम्मेदारी होगी. 

10 उपाध्यक्ष और 10 क्षेत्रीय मंत्री नियुक्त

नई कार्यसमिति में नीरज वर्मा, राजकिशोर मौर्य, नितिन मित्तल, पीके वर्मा, ठाकुर प्रसाद गंगवार, अवधेश पांडेय ‘बादल’, मनीष शुक्ला, रेशू भाटिया, दिनेश सिंह और अनूप बाजपेयी को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, विकास सिंह, महेंद्र लोधी, काशीराम रावत, अंकित सिंह चंदेल, गौरव भाटिया, विकास श्रीवास्तव ‘बाबा’, पूजा मिश्रा, राम कुमार वर्मा, विजय कुमार भूर्जी और अंजलि मौर्य को क्षेत्रीय मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है. 

गैर-यादव OBC पर खास जोर

भाजपा विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने में जुटी है. अवध क्षेत्र की नई टीम में भी गैर-यादव पिछड़े वर्ग के नेताओं को विशेष महत्व दिए जाने की बात सामने आई है. भाजपा के अवध क्षेत्र में लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और गोंडा समेत कुल 14 जिले शामिल हैं.

जल्द ही कार्यसमिति की बैठक बुलाकर नए पदाधिकारियों को जिलावार जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं. गौरतलब है कि भाजपा ने प्रदेश के सभी छह क्षेत्रों की टीमों का ऐलान किया है. इनमें गोरखपुर क्षेत्र की 39 सदस्यीय टीम सबसे बड़ी, जबकि अवध क्षेत्र की 34 सदस्यीय टीम सबसे छोटी है. 

Recent News