फर्जी IAS तृप्ति राजपूत के साथ नजर आईं युवतियां भी निकलीं पीड़ित, जांच में नया खुलासा

Amanat Ansari 03 Sep 2026 10:15 PM 1 Mins
फर्जी IAS तृप्ति राजपूत के साथ नजर आईं युवतियां भी निकलीं पीड़ित, जांच में नया खुलासा

भोपाल: फर्जी IAS अधिकारी बनकर लोगों को ठगने के आरोपों में घिरी तृप्ति राजपूत के मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. अब जांच में यह बात सामने आई है कि तृप्ति के साथ खुद को IAS अधिकारी बताने वाली कुछ अन्य युवतियां भी कथित तौर पर इस पूरे मामले की पीड़ित हो सकती हैं.

मामले की जांच कर रही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तृप्ति राजपूत ने फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर कितने लोगों को प्रभावित किया और उसके संपर्क में रहने वाले अन्य लोग इस साजिश में शामिल थे या खुद धोखे का शिकार हुए. 

विधानसभा में भी साथ पहुंची थीं युवतियां

जांच के दौरान सामने आया कि तृप्ति राजपूत के साथ कुछ युवतियां मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में भी पहुंची थीं. बताया गया कि वहां तीनों ने खुद को IAS अधिकारी बताकर प्रवेश किया और परिसर में वीडियो व ब्लॉग भी शूट किए. हालांकि, बाद में मामले की जांच आगे बढ़ने पर साथ मौजूद युवतियों की भूमिका को लेकर नए तथ्य सामने आए. 

फर्जी पहचान के जरिए बनाती थी प्रभाव

तृप्ति राजपूत पर खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों पर प्रभाव जमाने और कथित तौर पर ठगी करने के आरोप हैं. जांच के दौरान उसके ठिकानों से कथित फर्जी दस्तावेज, पहचान पत्र और अन्य सामग्री मिलने की जानकारी भी सामने आई है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि फर्जी पहचान तैयार करने और उसका इस्तेमाल करने में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही. 

पीड़ितों की संख्या बढ़ने की आशंका

जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हैं. पुलिस यह भी पता कर रही है कि तृप्ति राजपूत के संपर्क में आने वाले कितने लोग उसकी असली पहचान से अनजान थे और कितने लोग कथित तौर पर उसके झांसे का शिकार बने. फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इससे जुड़े और भी अहम खुलासे होने की संभावना है.

Trupti Singh Fake IAS Fake IAS Case Bhopal Crime

Recent News