कोलकाता नगर निगम चुनाव में TMC के बागी गुट ने खेल कर दिया, बीजेपी की बल्ले-बल्ले!

Amanat Ansari 03 Sep 2026 11:40 PM 1 Mins
कोलकाता नगर निगम चुनाव में TMC के बागी गुट ने खेल कर दिया, बीजेपी की बल्ले-बल्ले!

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है. विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) में उभरे मतभेद अब नगर निकाय चुनाव तक पहुंचते नजर आ रहे हैं. विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले TMC के बागी गुट ने कोलकाता नगर निगम चुनाव में सभी 209 वार्डों में उम्मीदवार उतारने की तैयारी शुरू कर दी है. 

रिपोर्ट के मुताबिक, बागी गुट इस सप्ताहांत वरिष्ठ नेताओं की बैठक में अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देगा. प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है और उत्तर व दक्षिण कोलकाता के जिला नेतृत्व से संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार करने को कहा गया है. 

ऋतब्रत बनर्जी गुट का कहना है कि वह भाजपा के खिलाफ हर वार्ड में चुनाव लड़ेगा. हालांकि, राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से इस रणनीति का सबसे बड़ा असर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले TMC खेमे के वोट बैंक पर पड़ सकता है. यदि बागी गुट TMC के पारंपरिक वोटों में सेंध लगाने में सफल रहा, तो वोटों का बंटवारा भाजपा के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकता है. 

विधानसभा चुनाव में हार के बाद से ही पार्टी के भीतर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले खेमे और ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट के बीच राजनीतिक संघर्ष तेज बताया जा रहा है. दोनों गुट संगठन और पार्टी की वैधता को लेकर भी आमने-सामने हैं. ममता बनर्जी ने हाल में चुनाव आयोग से इस विवाद पर जल्द फैसला करने की मांग की थी. बागी गुट ने नगर निगम वार्डों के नए परिसीमन को लेकर भी तैयारी शुरू कर दी है. पांच सितंबर से प्रस्तावित जन-सुनवाइयों में गुट के प्रतिनिधि दस्तावेजों और अपनी आपत्तियों के साथ शामिल होंगे. वहीं भाजपा भी चुनावी तैयारियों में जुट चुकी है. 

अब कोलकाता नगर निगम चुनाव में सबसे दिलचस्प सवाल यही होगा कि TMC का बागी गुट भाजपा को चुनौती देगा या ममता बनर्जी के वोट बैंक में बंटवारे के जरिए अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा का रास्ता आसान करेगा. बंगाल की राजनीति में यह नया समीकरण चुनाव को बेहद दिलचस्प बना सकता है.

West Bengal TMC Kolkata Municipal Poll BJP Mamata Banerjee Ritabrata Banerjee

Recent News