चंडीगढ़/नई दिल्ली: भाजपा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पार्टी का दावा है कि सीएम मान और उनकी पत्नी बिचौलियों के जरिए दुष्कर्म के मामलों को 5 करोड़ रुपये लेकर ‘सेटल’ कराने का रैकेट चला रहे हैं. बीजेपी राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुछ ऑडियो क्लिप जारी करते हुए यह आरोप लगाया.
उन्होंने कहा, ''भगवंत मान और उनकी पत्नी लूट और भ्रष्टाचार का रैकेट चला रहे हैं. इसके तहत बिचौलियों के जरिए 5 करोड़ रुपए लेकर दुष्कर्म के मामलों को निपटाया जा रहा है.'' ये आरोप इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर गुरविंदर सिंह चहल से जुड़े मामले को लेकर लगाए गए हैं. चहल को एक महिला के अपहरण और कथित दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.
करीब दो महीने बाद उन्हें रिहा कर दिया गया. बीजेपी ने इसी मामले को आधार बनाकर पंजाब सरकार पर सवाल उठाए हैं. पार्टी का दावा है कि ऑडियो क्लिप में एक कथित बिचौलिया राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर आपराधिक मामलों को निपटाने की बात कर रहा है. हालांकि, इन ऑडियो में कहीं भी भगवंत मान या उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर का नाम नहीं लिया गया है.
भंडारी ने आगे कहा कि क्या मुख्यमंत्री खुद मामलों में हस्तक्षेप कर रहे हैं और क्या मुख्यमंत्री आवास ऐसे सौदों का केंद्र बन गया है? इन आरोपों पर आम आदमी पार्टी और सीएम मान की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. अगले साल विधानसभा चुनाव से पहले यह मामला बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनता दिख रहा है.