कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (TMC) राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कैमक स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय पर गुरुवार तड़के हुए कथित हमले और तोड़फोड़ के बाद पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी भड़क उठीं. उन्होंने भाजपा और कोलकाता पुलिस पर तीखा हमला बोला तथा चेतावनी दी कि अगर TMC पर हमले नहीं रुके तो दिल्ली में भाजपा नेताओं के आवास के बाहर धरना देंगे और उनका घेराव करेंगे.
ममता बनर्जी ने गुरुवार को फेसबुक पर करीब 29 मिनट तक लाइव होकर लोगों को संबोधित किया. उन्होंने कहा, “भाजपा के गुंडों ने कोलकाता पुलिस को विश्वास में लेकर हमारे दस्तावेज और उपकरण लूट लिए. हमारे कार्यालय में तोड़फोड़ की. हमारे 4 लोगों को ऑफिस में बंधक बना लिया और टॉर्चर किया.”
उन्होंने आगे कहा, “कोलकाता में हमारे पार्टी कार्यालय में की गई तोड़फोड़ की हम निंदा करते हैं. अगर कोलकाता में कानून-व्यवस्था का यह हाल है तो सोचिए ग्रामीण इलाकों में क्या स्थिति होगी. अगर तृणमूल कांग्रेस पर हमले नहीं रुके तो हम नई दिल्ली में भाजपा नेताओं के आवास के बाहर धरना देंगे. उनका घेराव करेंगे.” ममता ने शेक्सपियर थाना समेत बंगाल की कई पुलिस थानों की गतिविधियों को अपनी डायरी में नोट करने की भी बात कही.