शिव मंदिर में तोड़फोड़, शिवलिंग बाहर फेंका; गांव में तीसरी बार भड़का तनाव

Amanat Ansari 29 Nov 2025 07:53: PM 1 Mins
शिव मंदिर में तोड़फोड़, शिवलिंग बाहर फेंका; गांव में तीसरी बार भड़का तनाव

बुरहानपुर (मध्यप्रदेश): जिले के बिरोदा गांव में एक बार फिर सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया है. शनिवार तड़के गांव के शिव मंदिर में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने घुसकर भारी उपद्रव मचाया. मंदिर का कलश तोड़ दिया, पूजा सामग्री बिखेर दी और सबसे गंभीर बात यह कि शिवलिंग की पिंडी को खींचकर बाहर फेंक दिया. सुबह पूजा करने आईं महिलाओं ने यह दृश्य देखा तो पूरे गांव में खबर फैल गई. देखते-देखते सैकड़ों ग्रामीण मंदिर के बाहर जमा हो गए और भारी गुस्सा दिखने लगा.

पिछले एक साल में यह तीसरी बड़ी घटना है, जिससे लोगों में डर और आक्रोश दोनों बढ़ गए हैं. पुलिस को सूचना मिलते ही एसपी समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम (FSL) और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल का मुआयना किया. गांव को छावनी में बदलते हुए चारों तरफ भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो.

ग्रामीणों का कहना है कि बिरोदा में जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है. नवंबर 2024 को सुतारवाड़ी में एक प्राचीन चबूतरे को लेकर हिंदू-मुस्लिम विवाद हुआ था. हिंदू समाज उसे नवनाथ महाराज का स्थान मानता था, जबकि दूसरा पक्ष पीर की मजार बताता था. मामला पथराव तक पहुंच गया था. अंत में प्रशासन ने चबूतरा को अपने कब्जे में ले लिया था.

सितंबर 2025 को गणेश विसर्जन के दौरान हनुमान चालीसा पढ़ते लोगों पर पत्थर फेंके गए थे. उस वक्त भी कई दिन तक गांव में कर्फ्यू जैसे हालात रहे थे. अब तीसरी बार शिव मंदिर में तोड़फोड़ और शिवलिंग के साथ छेड़छाड़ ने लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है. हिंदू संगठनों ने कड़ी कार्रवाई और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है.

पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने, तोड़फोड़ और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है. फिलहाल गांव में शांति तो है, लेकिन तनाव अब भी बरकरार है. प्रशासन किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए पूरी तरह अलर्ट मोड में है.

Communal tension Burhanpur Shiv Mandir

Recent News