पंजाब में दो धमाकों पर अलग-अलग दावे: CM मान ने BJP पर साधा निशाना, DGP ने पाकिस्तान कनेक्शन की जताई आशंका

Amanat Ansari 06 May 2026 04:36: PM 1 Mins
पंजाब में दो धमाकों पर अलग-अलग दावे: CM मान ने BJP पर साधा निशाना, DGP ने पाकिस्तान कनेक्शन की जताई आशंका

Punjab Blast: पंजाब में बीएसएफ ठिकानों के पास हुए दो धमाकों को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पुलिस प्रमुख के बीच अलग-अलग राय सामने आई है. जहां एक तरफ मुख्यमंत्री ने इसके पीछे BJP की साजिश का आरोप लगाया, वहीं राज्य के डीजीपी गौरव यादव ने इसे पाकिस्तान समर्थित साजिश बताया.

यह बयान उस वक्त आए जब जालंधर और अमृतसर में बीएसएफ ठिकानों के पास लगातार दो धमाके हुए. एक धमाका जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय के पास हुआ, जबकि दूसरा अमृतसर के खासा इलाके में सेना कैंप के बाहर हुआ. हालांकि इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जहां-जहां BJP चुनाव लड़ना चाहती है, वहां इस तरह की घटनाएं होती हैं. उन्होंने पार्टी पर पंजाब में चुनाव से पहले माहौल बनाने का आरोप लगाया और ऐसे कृत्यों को रोकने की अपील की.

इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. BJP नेता अश्विनी शर्मा ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस्तीफा देकर इलाज कराना चाहिए. वहीं कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मान के आरोपों को अपरिपक्व राजनीति बताया.

दूसरी ओर, डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि ये धमाके सीमा पार से संचालित साजिश का हिस्सा हो सकते हैं. उन्होंने बताया कि इसमें आईईडी (IED) का इस्तेमाल हुआ है और इसकी टाइमिंग या वायरिंग की जांच की जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI राज्य में अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है और कुछ स्थानीय तत्व उनके इशारों पर काम कर रहे हैं.

पुलिस के मुताबिक, जालंधर में एक खड़ी स्कूटी में धमाका हुआ, जिसके बाद उसमें आग लग गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई. वहीं, कुछ घंटों बाद अमृतसर के खासा इलाके में सेना कैंप के बाहर दूसरा धमाका हुआ, जहां शुरुआती शक एक बाइक सवार द्वारा ग्रेनेड फेंकने पर जताया गया है.

दोनों घटनास्थलों पर फॉरेंसिक टीमें जांच में जुटी हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और हर एंगल से जांच जारी है.

Punjab Blast Pakistan Punjab DGP Bhagwant Mann

Recent News