Tamil Nadu Government Formation: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस ने थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) को सरकार बनाने के लिए समर्थन देने का ऐलान कर दिया है. इस फैसले से कांग्रेस अपने पुराने सहयोगी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) के निशाने पर आ गई है.
DMK ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए इसे "पीठ में छुरा घोंपना" बताया है. DMK के प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने कहा कि कांग्रेस का यह एकतरफा फैसला है और DMK इसे स्वीकार नहीं करती. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने गठबंधन के साथ विश्वासघात किया है.
कांग्रेस का हैरान करने वाला फैसला
तमिलनाडु कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की मंगलवार देर रात हुई बैठक में TVK को समर्थन देने का प्रस्ताव पास किया गया. कांग्रेस आलाकमान ने राज्य इकाई को इस मुद्दे पर फैसला लेने की छूट दी थी. पार्टी का कहना है कि तमिलनाडु का जनादेश धर्मनिरपेक्ष सरकार के पक्ष में है और भाजपा या उससे जुड़ी ताकतों को सत्ता में आने का कोई मौका नहीं दिया जाएगा. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि विजय ने खुद उनसे संपर्क किया और सरकार बनाने के लिए समर्थन मांगा. विजय ने अपने राजनीतिक एजेंडे में पूर्व मुख्यमंत्री कामराज से प्रेरणा लेने की भी बात कही.
कैसे बनेगी सरकार, क्या है समीकरण?
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में TVK को 108 सीटें मिली हैं. बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है, यानी 10 और समर्थन चाहिए. कांग्रेस के पास फिलहाल 5 विधायक हैं. अभी यह साफ नहीं है कि कांग्रेस बाहर से समर्थन देगी या सरकार में शामिल भी होगी. इस पर विचार-विमर्श चल रहा है.
पार्टी की आधिकारिक प्रतिक्रिया
वेणुगोपाल ने कहा, ''तमिलनाडु की जनता ने संविधान की मूल भावना और धर्मनिरपेक्षता की रक्षा करने वाली सरकार चुनी है. कांग्रेस इस जनादेश का सम्मान करते हुए भाजपा और उसकी विचारधारा वाली ताकतों को सत्ता से दूर रखने के लिए प्रतिबद्ध है.'' यह फैसला DMK-Congress गठबंधन को झटका देने वाला माना जा रहा है, क्योंकि कांग्रेस लंबे समय से DMK के साथ सहयोग करती आ रही थी. अब सियासी गलियारों में नई समीकरणों की चर्चा जोरों पर है.