Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुप्रीम कोर्ट से अपील की है. उन्होंने मांग की है कि वोटों की गिनती की CCTV फुटेज सार्वजनिक की जाएं. तृणमूल कांग्रेस की भारी हार के कुछ दिनों बाद पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी आज कोलकाता में अखिलेश यादव की मेजबानी करने वाली हैं.
अखिलेश यादव बुधवार कोलकाता पहुंच रहे हैं. इस मौके पर अखिलेश ने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों पर सुप्रीम कोर्ट को स्वतः संज्ञान लेना चाहिए. उन्होंने जोर देकर कहा कि मतगणना के दौरान लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज उपलब्ध कराई जानी चाहिए. अखिलेश यादव ने चुनाव में धांधली और वोट लूट का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने बंगाल में वोटों की लूट की है.
ममता बनर्जी के इस्तीफा न देने के सवाल पर अखिलेश ने कहा, ''दीदी इस्तीफा क्यों दें? जब भाजपा ने धांधली की है तो इस्तीफा देने की कोई वजह नहीं है.'' उन्होंने आगे चिंता जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में भी बहुस्तरीय चुनावी माफिया सक्रिय होगा.
इससे एक दिन पहले मंगलवार को अखिलेश ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि पश्चिम बंगाल में नतीजे मनमाफिक ढंग से निकाले गए हैं. उन्होंने टिप्पणी की कि जब परिणाम मनमर्जी से तय हो रहे हैं तो भाजपा की परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री भी उसी हिसाब से चुना जाएगा.