नई दिल्ली: वाराणसी पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले में 45 वर्षीय क्रिकेट कोच मुरारी लाल को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि कोच ने अंडर-14 और अंडर-16 क्रिकेट टीम में चयन कराने और मेडिकल कराने के बहाने दो नाबालिग लड़कों (14 और 15 साल) के साथ कई बार जबरदुष्कर्म किया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने और माफी मांगने लगा.
पुलिस के अनुसार दोनों बच्चे पिछले काफी समय से मुरारी लाल के पास कोचिंग लेने आते थे. कोच ने पहले एक बच्चे को लखनऊ ले जाकर “टीम सिलेक्शन और मेडिकल टेस्ट” के नाम पर उसके साथ ज्यादती की. दूसरे बच्चे के साथ तो उसने लगातार तीन दिन तक अप्राकृतिक कृत्य किया. जब तक कि बच्चे की तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उसे अस्पताल में भर्ती करना पड़ा. अस्पताल में डॉक्टरों की पूछताछ में बच्चे ने सारी आपबीती बता दी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी कोच की पत्नी ने उसकी इन्हीं घिनौनी आदतों की वजह से करीब 5 साल पहले तलाक ले लिया था. साथ ही साल 2021 में भी मुरारी लाल केंद्रीय विद्यालय में दाखिला दिलाने के बहाने कुछ बच्चों के साथ दुष्कर्म के आरोप में जेल जा चुका है.
परिजनों की लिखित शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोच को शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ POCSO एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और संभावना है कि ऐसे और भी पीड़ित बच्चे सामने आ सकते हैं. यह घटना एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और खेल कोचिंग सेंटर्स में निगरानी की सख्त जरूरत को रेखांकित करती है.