भीलवाड़ा: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के करेड़ा कस्बे में एक फिल्मी अंदाज में चोरी की घटना ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है. एक चोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहनकर मोबाइल दुकान में घुसा और 4-5 लाख रुपए के 35-40 स्मार्टफोन लेकर फरार हो गया. मंगलवार सुबह जब दुकान मालिक लक्ष्मण सेन अपनी दुकान मातेश्वरी मोबाइल शॉप पहुंचे तो देखा कि दुकान का सामान बिखरा पड़ा है और मोबाइल गायब हैं. जांच में पता चला कि चोर मुख्य द्वार से नहीं, बल्कि छत के रास्ते घुसा. उसने सीढ़ियों का ताला काटा और कुछ ही मिनटों में दुकान खाली कर दी.
CCTV फुटेज में चौंकाने वाला राज
करेड़ा थाना पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली तो हैरानी का ठिकाना न रहा. फुटेज में एक शख्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा लगाए दिखाई दिया, जो आराम से दुकान के आसपास घूमता और वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है. मुखौटे की वजह से चोर की पहचान मुश्किल हो गई है, लेकिन उसकी गतिविधियां साफ रिकॉर्ड हो गई हैं.
एक ही रात दूसरी दुकान पर भी कोशिश
पुलिस जांच में पता चला कि इसी गिरोह ने उसी रात बीज गोदाम चौराहे पर स्थित सांवरिया मोबाइल दुकान पर भी हाथ साफ करने की कोशिश की थी. वहां चोर शटर का ताला तोड़ने में लगे थे, लेकिन किसी वजह से भाग गए. वहां भी CCTV में वही मुखौटाधारी शख्स दिखाई दिया है.
व्यापारियों में आक्रोश का माहौल
इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में दहशत फैल गई है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है. व्यापार मंडल का कहना है कि व्यस्त बस स्टैंड इलाके में भी दुकानें सुरक्षित नहीं हैं तो बाकी बाजार का क्या हाल होगा. करेड़ा थाना अधिकारी पूरणमल मीणा के नेतृत्व में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश तेज कर दी गई है. शक है कि यह कोई पेशेवर गिरोह का काम हो सकता है.