आगरा में दलित बारात पर ऊंची जाति के लोगों ने किया हमला, दूल्हे को भी पीटा, घोड़ी से भी उतारा

Amanat Ansari 18 Apr 2025 04:21: PM 1 Mins
आगरा में दलित बारात पर ऊंची जाति के लोगों ने किया हमला, दूल्हे को भी पीटा, घोड़ी से भी उतारा

आगरा: बुधवार रात को आगरा के एक गांव में ऊंची जाति के कुछ लोगों ने दलित बारात पर कथित तौर पर इसलिए हमला कर दिया क्योंकि बारात उनके घरों के सामने से तेज आवाज में संगीत बजा रही थी. दूल्हे रोहित कुमार (22) को घोड़ी से उतार दिया गया, उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया, उसकी पिटाई की गई और उसकी सोने की चेन जबरन छीन ली गई.

आरोपी लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर अपने घरों से बाहर निकल आए, जिससे दूल्हे के परिवार और मेहमानों में दहशत फैल गई, जिसमें कई महिलाएं और बच्चे शामिल थे. हमलें में कुछ मेहमानों को भी चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि हमले के बाद पड़ोसी गांव से आए बारातियों ने डर के मारे जल्दी से संगीत और लाइटें बंद कर दीं और शादी के मंडप की ओर भागे. अब तक दो लोगों को हिरासत में लिया गया है.

एसएचओ आनंद वीर ने बताया, "यह घटना आगरा जिले के खंडौली क्षेत्र के गढ़ी राममी गांव में हुई. दुल्हन की मां की शिकायत के बाद नौ नामजद- अजीत तोमर, अजय तोमर, सौरभ तोमर और प्रदीप तोमर और उनके सहयोगियों और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस धारा 191-3, 190, 115-1, 127, 352 के साथ ही एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है."

एसीपी पीयूषकांत गुप्ता ने बताया, "विवाद तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर हुआ. हमने जांच शुरू कर दी है और मामला दर्ज कर लिया गया है. आगे की जांच जारी है." 11 मार्च को इसी गांव में इसी तरह की एक घटना में, एक अन्य दलित बारात पर कुछ ऊंची जाति के लोगों ने हमला किया था. इसके बाद 22 वर्षीय दूल्हे को बंदूक की नोक पर घोड़ी से उतारने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.

Agra Dalit wedding procession attack Dalit groom beaten Took down from horse Upper caste attack

Recent News